Helpline +919415567039 || sv.up@smarthindustan.news

Updated Sat, 15 May 2021 11:35 PM

सहमे हैं गांव, खांसी व बुखार के मरीजों की भरमार

श्रावस्ती : वैश्विक महामारी कोरोना भयावह हो गई है। परिस्थितियां विषम होते देख गांवों के लोग घबराए हुए हैं। 'जागरण टीम' ने शहर से सटे गांवों का जायजा लिया। सर्दी, खांसी व बुखार के मरीजों की भरमार मिली। संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए संसाधनों के साथ ग्राम प्रधान भी संघर्ष करते देखे गए। इकौना से संजय रस्तोगी व भिनगा से अरविद तिवारी की रिपोर्ट। तहसील मुख्यालय इकौना व अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र श्रावस्ती के मध्य बौद्ध परिपथ पर स्थित गांव में महिला डिग्री कॉलेज के बाहर गांव के बुजुर्ग व युवक बैठे दिखे। अजय कुमार ने बताया कि गांव में काफी लोग बाहर शहरों से लौटे हैं। सर्दी, जुकाम, बुखार व खांसी के मरीज बहुत हैं। कोरोना की आशंका में लोग डरे हुए हैं। इसी बीच महाविद्यालय की सचिव डॉ. नीलम वर्मा आ पहुंचीं। उन्होंने बताया कि सर्दी बुखार के मरीज हर घर में हैं। उनकी टीम घर व आसपास सफाई, हैंडवॉश, गरारा व भाप सहित परिवार के सभी सदस्यों को दो बार काढ़ा पिलाने के लिए महिलाओं को जागरूक कर रही है। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान जय प्रकाश यादव ने बताया कि गांव में बुखार व खांसी के मरीज लगभग हर घर में है। बताया कि अभी सर्वे टीम गांव में नहीं आई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि गांवों में सर्वे करके पीड़ितों को दवा दी जा रही है। कोविड के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

एसडीएम व सीओ ने गेहूं क्रय केंद्र का देखा खरीद का सच

संसू, इकौना (श्रावस्ती) : इकौना नगर स्थित किसान सेवा सहकारी समिति गेहूं क्रय केंद्र का एसडीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंप्यूटर कांटा के माप तौल के परीक्षण के साथ अभिलेखों की जांच की। उन्होंने कहा कि तौल के दौरान किसानों को कोई दिक्कत न हो। कोरोना संक्रमण को देखते हुए केंद्र पर सैनिटाइजर व दोगज की दूरी का सख्ती से पालन कराया जाय। एसडीएम राजेश मिश्र ने निरीक्षण के दौरान अभिलेख, खरीद, रजिस्टर, टोकन आदि का अवलोकन करते हुए खरीदे गए गेहूं के स्टाक की जानकारी ली। इस दौरान केंद्र प्रभारी माधवराम यादव ने अब तक रजिस्टर्ड 25 किसानों से 1488 क्विटल गेहूं खरीद करने व भुगतान पीसीएफ भिनगा के माध्यम से किसानों के खाते में भेजे जाने की जानकारी दी।

अमन व भाईचारे के साथ मनाएं ईद का त्योहार

श्रावस्ती : ईद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने व कोविड-19 के संबंध में लागू कोरोना क‌र्फ्यू का अनुपालन कराने के लिए पुलिस व पीएसी जवानों ने पैदल कस्बों व गांवों का भ्रमण किया। लोगों से घर पर नमाज अदा करने की अपील करते हुए कोविड-19 के नियमों के बारे में जानकारी दी। भिनगा कोतवाली के पुलिस चौकी लक्ष्मनपुर बाजार में चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह तोमर, आरक्षी अभिषेक, कैलाशनाथ यादव व अरुण यादव ने क्षेत्र भ्रमण कर ईद त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने की हिदायत दी। कोरोना क‌र्फ्यू का पालन कराया। सड़क पर आते-जाते लोगों से पूछताछ किया। संतोषजनक जवाब देने वाले को जाने दिया। बिना किसी काम के सड़क पर घूमते दिखाई दिए लोगों कड़ी फटकार लगाते हुए घर में रहने की हिदायत दी।